राष्ट्रीय प्राणी उद्यान ने नागरिक विज्ञान और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए 22वीं संडे बर्ड वॉक का आयोजन किया; पक्षियों की 45 प्रजातियाँ दर्ज की गईं
नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय प्राणी उद्यान ने 22 नवंबर, 2026 को सुबह 7:30 बजे से 10:30 बजे तक ‘संडे बर्ड वॉक @ एनजेडपी’ के 22वें संस्करण का आयोजन किया। इस आयोजन के माध्यम से उद्यान ने जैव विविधता के दस्तावेजीकरण, पर्यावरण संबंधी जागरूकता और वन्यजीव संरक्षण में नागरिकों की भागीदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहरायी। इस भ्रमण में प्रकृति प्रेमियों, विद्यार्थियों, वन्यजीव फोटोग्राफरों और पक्षी अवलोकन एव
नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय प्राणी उद्यान ने 22 नवंबर, 2026 को सुबह 7:30 बजे से 10:30 बजे तक ‘संडे बर्ड वॉक @ एनजेडपी’ के 22वें संस्करण का आयोजन किया। इस आयोजन के माध्यम से उद्यान ने जैव विविधता के दस्तावेजीकरण, पर्यावरण संबंधी जागरूकता और वन्यजीव संरक्षण में नागरिकों की भागीदारी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहरायी।
इस भ्रमण में प्रकृति प्रेमियों, विद्यार्थियों, वन्यजीव फोटोग्राफरों और पक्षी अवलोकन एवं जैव विविधता में रुचि रखने वाले नागरिकों सहित 10 प्रतिभागियों ने भाग लिया। विषय विशेषज्ञों और समर्पित स्वयंसेवियों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने उद्यान में पक्षियों की विविधता का अवलोकन किया तथा पक्षियों की पहचान, उनके व्यवहार, पारिस्थितिकी और पारिस्थितिक महत्त्व के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस भ्रमण के दौरान प्रतिभागियों ने निर्धारित क्षेत्र में पक्षियों की 45 प्रजातियों और 400 से अधिक पक्षियों का दस्तावेजीकरण किया। इन अवलोकनों से क्षेत्र-आधारित जैव विविधता के दस्तावेजीकरण में योगदान मिला और प्रतिभागियों को नागरिक विज्ञान का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। भ्रमण के दौरान हुई चर्चाओं में प्राकृतिक रूप से कीटों की आबादी को नियंत्रित करने, पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने तथा पर्यावरण की गुणवत्ता और पारिस्थितिकी तंत्र के स्वास्थ्य के संकेतक के रूप में पक्षियों की भूमिका सहित पक्षियों के पारिस्थितिक महत्त्व पर प्रकाश डाला गया।
प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए, एनजेडपी के निदेशक डॉ. संजीत कुमार ने कहा कि संडे बर्ड वॉक जैसी नागरिक विज्ञान पहलें लोगों को प्रकृति से जोड़ने, क्षेत्र में पक्षियों की पहचान करने के कौशल विकसित करने तथा पारिस्थितिक संबंधों और खाद्य जाल या फूड वैब की गहरी समझ को बढ़ावा देने के लिए एक प्रभावी मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जनभागीदारी से समर्थित जैव विविधता का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी के प्रति लोगों को प्रेरित करने में सार्थक योगदान दे सकता है। निदेशक ने प्रकृति प्रेमियों और नागरिकों को ऐसी पहलों में सक्रिय रूप से भाग लेने तथा वन्यजीव संरक्षण के दूत बनने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम का समापन एक संवादात्मक चर्चा और प्रतिक्रिया सत्र के साथ हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने अपने अवलोकन और अनुभव साझा किए। इसके बाद समूह छायाचित्र लिया गया।
राष्ट्रीय प्राणी उद्यान पक्षी अवलोकन, जैव विविधता के दस्तावेजीकरण और संरक्षण के प्रति जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए नियमित रूप से संडे बर्ड वॉक का आयोजन करता है। सार्थक सीखने और आपसी संवाद सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक भ्रमण में प्रतिभागियों की संख्या 20 से 25 तक सीमित रखी जाती है। इसमें भाग लेने के लिए पूर्व पंजीकरण अनिवार्य है। प्रत्येक सप्ताह सोमवार से शुक्रवार तक पंजीकरण किया जा सकता है और प्रतिभागियों का चयन पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाता है। पंजीकरण लिंक राष्ट्रीय प्राणी उद्यान की आधिकारिक वेबसाइट और एनजेडपी साथी मोबाइल एप्लिकेशन पर उपलब्ध है।
पीके/केसी/आरटी/आरके
