आईसीजीएस सुजय ने त्रिंकोमाली का दौरा संपन्न किया
समर्थ श्रेणी का अपतटीय गश्ती पोत भारतीय तटरक्षक जहाज (आईसीजीएस) सुजय 23 से 25 नवंबर 2026 तक श्रीलंका के त्रिंकोमाली की तीन दिवसीय यात्रा पूरी कर चुका है। इस दौरे का उद्देश्य द्विपक्षीय समुद्री सहयोग को और सशक्त करना था। इसमें विशेष रूप से समुद्री प्रदूषण से निपटने (एमपीआर) की दिशा में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया। इस यात्रा के दौरान, आईसीजीएस सुजय पर तैनात विशेषज्ञ प्रदूषण प्रतिक्रिया दल ने श्रीलं
समर्थ श्रेणी का अपतटीय गश्ती पोत भारतीय तटरक्षक जहाज (आईसीजीएस) सुजय 23 से 25 नवंबर 2026 तक श्रीलंका के त्रिंकोमाली की तीन दिवसीय यात्रा पूरी कर चुका है। इस दौरे का उद्देश्य द्विपक्षीय समुद्री सहयोग को और सशक्त करना था। इसमें विशेष रूप से समुद्री प्रदूषण से निपटने (एमपीआर) की दिशा में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया गया।
इस यात्रा के दौरान, आईसीजीएस सुजय पर तैनात विशेषज्ञ प्रदूषण प्रतिक्रिया दल ने श्रीलंका तटरक्षक बल (एसएलसीजी) के कर्मियों को समुद्री प्रदूषण से निपटने वाले उपकरणों के संचालन और उनकी तैनाती का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इस प्रशिक्षण से दोनों देशों के बीच पेशेवर अनुभवों का आदान-प्रदान हुआ और समुद्र को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए संयुक्त परिचालन तैयारियों को मजबूती मिली।
इस यात्रा के दौरान आपसी मेलजोल और जन-संपर्क को बढ़ावा देने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ विषय पर संयुक्त योग सत्र, मैत्रीपूर्ण वॉलीबॉल मैच और स्थानीय नागरिकों के लिए जहाज का भ्रमण शामिल था।
इस तैनाती की एक प्रमुख विशेषता यह रही कि इसमें 22 एनसीसी कैडेट, तीन अधिकारी और सात सहायक कर्मचारी भी शामिल हुए। ये सभी भारत-श्रीलंका मैत्री सेतु यात्रा नामक संयुक्त अंतरराष्ट्रीय साइकिल अभियान का हिस्सा हैं। यह दल त्रिंकोमाली से कराईकल तक की समुद्री यात्रा के लिए आईसीजीएस सुजय पर सवार हुआ है। जहाज के 26 नवंबर 2026 को कराईकल पहुंचने का कार्यक्रम है।
आईसीजीएस सुजय की यह यात्रा भारत की पड़ोसी प्रथम नीति और सागर (क्षेत्र में सभी के लिए सुरक्षा एवं विकास) के दृष्टिकोण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इससे परिचालन सहयोग और क्षमता निर्माण को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के प्रयासों को बल मिलेगा तथा भारत व श्रीलंका के बीच लंबे समय से चली आ रही समुद्री साझेदारी और भी मजबूत होगी।
***
पीके/केसी/आरटी/एनके /डीए
