मोटर वाहन और मोटर वाहन घटक उद्योग के लिए उत्पादन से संबद्ध प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत वित्त वर्ष 2026–27 में 4,385.28 करोड़ रुपये के प्रोत्साहन का वितरण किया गया
भारी उद्योग मंत्रालय (एमएचआई) 'मोटर वाहन और मोटर वाहन घटक उद्योग के लिए उत्पादन से संबद्ध प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना' के माध्यम से भारत के मोटर वाहन और मोटर वाहन घटक निर्माण इकोसिस्टम को लगातार मजबूत कर रहा है। इस योजना का उद्देश्य घरेलू विनिर्माण क्षमताओं को बढ़ाना, उन्नत मोटर वाहन तकनीकों को बढ़ावा देना और भारत को मोटर वाहन निर्माण के एक वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करना है। भारी उद्योग और इ
भारी उद्योग मंत्रालय (एमएचआई) 'मोटर वाहन और मोटर वाहन घटक उद्योग के लिए उत्पादन से संबद्ध प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना' के माध्यम से भारत के मोटर वाहन और मोटर वाहन घटक निर्माण इकोसिस्टम को लगातार मजबूत कर रहा है। इस योजना का उद्देश्य घरेलू विनिर्माण क्षमताओं को बढ़ाना, उन्नत मोटर वाहन तकनीकों को बढ़ावा देना और भारत को मोटर वाहन निर्माण के एक वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
भारी उद्योग और इस्पात मंत्री, श्री एच. डी. कुमारस्वामी ने आज भारी उद्योग मंत्रालय (एमएचआई) के अपर सचिव, डॉ. हनीफ कुरैशी के साथ एक समीक्षा बैठक की, जिसमें पीएलआई-मोटर वाहन योजना की प्रगति और इसके कार्यान्वयन की समीक्षा की गई।
पीएलआई-मोटर वाहन योजना के तहत प्रोत्साहन राशि का तेजी से वितरण
पीएलआई-मोटर वाहन योजना ने 25,938 करोड़ रुपये के कुल स्वीकृत बजट के साथ, निवेश को बढ़ावा देने, घरेलू आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करने और उन्नत मोटर वाहन प्रौद्योगिकी (एएटी) उत्पादों के निर्माण को प्रोत्साहित करने में उल्लेखनीय प्रगति की है। वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान, 25 नवंबर 2026 तक इस योजना के अंतर्गत 4,385.28 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि वितरित की गई। योजना की शुरुआत से लेकर अब तक कुल वितरित प्रोत्साहन राशि 6,771.64 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
मजबूत निवेश, अतिरिक्त बिक्री और रोजगार सृजन
इस योजना ने निवेश आकर्षित करने और रोजगार के अवसर पैदा करने में भी उत्साहजनक प्रगति की है। स्वीकृत आवेदकों ने 30 सितंबर 2026 तक, कुल 52,806 करोड़ रुपये के निवेश की जानकारी दी, जो 42,500 करोड़ रुपये के लक्षित निवेश से अधिक है। इस योजना ने आधार वर्ष (वित्त वर्ष 2019-20) की तुलना में 82,993 करोड़ रुपये की अतिरिक्त बिक्री में सहायता की है और 77,755 रोजगार के अवसर पैदा किए हैं। यह भारत के मोटर वाहन विनिर्माण इकोसिस्टम को मजबूत करने में योजना के योगदान को दर्शाता है।
घरेलू विनिर्माण और मूल्य संवर्धन को मजबूत करना
पीएलआई -मोटर वाहन योजना का एक मुख्य उद्देश्य घरेलू मूल्य संवर्धन (डीवीए) को बढ़ावा देना है। इस योजना के तहत, प्रोत्साहन पाने के लिए पात्र उत्पादों में कम से कम 50 प्रतिशत घरेलू मूल्य संवर्धन (डीवीए) होना अनिवार्य है। 25 नवंबर 2026 तक, 9 'चैंपियन ओईएम' (मूल उपकरण निर्माता) को 139 उत्पादों/वेरिएंट्स के लिए, और 10 'कंपोनेंट चैंपियंस' को 53 उत्पादों/वेरिएंट्स के लिए डीवीए प्रमाणपत्र जारी किए जा चुके हैं। यह प्रगति दर्शाती है कि उन्नत मोटर वाहन उत्पादों और पुर्जों के विनिर्माण में देश की घरेलू क्षमताएं बढ़ रही हैं।
यह पहल भारत सरकार के 'आत्मनिर्भर भारत' की परिकल्पना के अनुरूप है, जो मोटर वाहन और मोटर वाहन घटक विनिर्माण के लिए देश को एक प्रमुख वैश्विक केंद्र बनाने की प्रतिबद्धता को और मजबूत करती है। भारी उद्योग मंत्रालय निरंतर नीतिगत पहलों और उद्योग के साथ सहयोग के माध्यम से, एक मजबूत, अनुकूल और तकनीकी रूप से उन्नत मोटर वाहन उद्योग के विकास को समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध है।
*****
पीके/केसी/आरटी/एमकेएस/डीए
