मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ युवाओं को एकजुट करने के लिए एनएसएस की ओर से देशभर में ब्लॉक-स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने MY भारत निदेशालय -राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के माध्यम से 100 सप्ताह तक चलने वाले ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा संकल्प अभियान’ के नौवें सप्ताह के अंतर्गत देशभर में ब्लॉक-स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। इस अभियान के तीसरे महीने के दौरान आयोजित इस पहल की थीम ‘सशक्त समुदाय, स्वस्थ युवा’ थी। इसके तहत युवाओं में खेलों के माध्यम से अनुशासन, टीम भावना औ
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय ने MY भारत निदेशालय -राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के माध्यम से 100 सप्ताह तक चलने वाले ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा संकल्प अभियान’ के नौवें सप्ताह के अंतर्गत देशभर में ब्लॉक-स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। इस अभियान के तीसरे महीने के दौरान आयोजित इस पहल की थीम ‘सशक्त समुदाय, स्वस्थ युवा’ थी। इसके तहत युवाओं में खेलों के माध्यम से अनुशासन, टीम भावना और नशामुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आसपास के गांवों, ब्लॉकों और कॉलेजों के हजारों छात्र स्वयंसेवियों, स्थानीय युवा क्लबों और समुदाय के सदस्यों को एक मंच पर लाया गया। देशभर में कुल 992 गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें 87,481 छात्र स्वयंसेवियों, स्थानीय युवा क्लबों के सदस्यों और खेल प्रतियोगिताओं को देखने पहुंचे समुदाय के लोगों ने भाग लिया।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 2 अगस्त, 2026 को नशा मुक्त भारत अभियान के व्यापक ढांचे के तहत शुरू किए गए ‘विकसित भारत के लिए नशा मुक्त युवा’ अभियान का उद्देश्य युवाओं को मादक पदार्थों, शराब, तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने के लिए प्रोत्साहित करके नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज का निर्माण करना है।
10 क्षेत्रीय निदेशालयों—बेंगलुरु, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, चेन्नई, दिल्ली, गुवाहाटी, जयपुर, लखनऊ और तिरुवनंतपुरम—के अंतर्गत आने वाले 130 से अधिक संस्थानों से प्राप्त क्षेत्रीय रिपोर्टों में 100 मीटर और 400 मीटर की दौड़, मैराथन, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबॉल और बास्केटबॉल सहित विभिन्न प्रकार की खेल गतिविधियों का उल्लेख किया गया। इसके अलावा, रस्साकशी, रुमाल झपट्टा और नींबू दौड़ जैसे पारंपरिक खेलों का भी आयोजन किया गया। लक्षद्वीप में प्रतिभागियों ने तिरुवनंतपुरम क्षेत्रीय निदेशालय के अंतर्गत आयोजित पारंपरिक द्वीपीय खेलों में हिस्सा लिया।
अभियान में लैंगिक समावेशन पर भी विशेष जोर दिया गया। इसके तहत खेल प्रतियोगिताओं और जागरूकता गतिविधियों में 42,190 महिला प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। अभियान के संदेश को और प्रभावी बनाने के लिए खेल आयोजनों को नशामुक्ति संबंधी जागरूकता गतिविधियों के साथ जोड़ा गया। प्रत्येक प्रतियोगिता की शुरुआत सामूहिक रूप से ‘नशा मुक्त संकल्प’ लेने के साथ हुई। इस दौरान खिलाड़ियों, रेफरी, प्रशिक्षकों और दर्शकों ने खेल भावना एवं निष्पक्ष खेल के सिद्धांतों को बनाए रखने तथा नशामुक्त जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
भोपाल, पंजाब, राजस्थान और दिल्ली के प्रमुख क्लस्टरों में स्वास्थ्य जागरूकता केंद्र स्थापित किए गए। इन केंद्रों के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) सामग्री वितरित की गई। साथ ही, राष्ट्रीय नशामुक्ति हेल्पलाइन (14446) के बारे में भी जानकारी दी गई। इन आयोजनों के साथ ही साथ मादक पदार्थों के दुरुपयोग, साथियों के दबाव और नशे की लत से उबरने के उपायों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटकों, नशा विरोधी रैलियों और नारा लेखन प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
स्थानीय प्रशासन और विशेषज्ञों ने भी इस पहल में सहयोग दिया। बठिंडा, कासरगोड और कोयंबटूर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं नारकोटिक्स सेल के अधिकारियों, मनोचिकित्सकों, नशामुक्ति विशेषज्ञों और पंचायत सरपंचों सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इन गतिविधियों में भाग लिया।
*****
पीके/केसी/आरटी/आरके/एसएस
