प्राकृतिक चिकित्सा दिवस 2026: वैज्ञानिक अनुसंधान ने भारत की प्रकृति-आधारित स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को सशक्त बनाया
भारत में प्राकृतिक चिकित्सा (नेचुरोपैथी) धीरे-धीरे अपने पारंपरिक स्वरूप यानी प्रकृति आधारित उपचार से आगे बढ़कर वैज्ञानिक अनुसंधान, नैदानिक मूल्यांकन और निवारक स्वास्थ्य सेवा की एक अधिक व्यवस्थित प्रणाली के रूप में विकसित हो रही है। जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों, मोटापे, तनाव और स्वस्थ वृद्धावस्था पर बढ़ते ध्यान के बीच पोषण, प्राकृतिक उपचार पद्धतियों और जीवनशैली में सुधार पर आधारित प्राकृतिक चिकित्सा
भारत में प्राकृतिक चिकित्सा (नेचुरोपैथी) धीरे-धीरे अपने पारंपरिक स्वरूप यानी प्रकृति आधारित उपचार से आगे बढ़कर वैज्ञानिक अनुसंधान, नैदानिक मूल्यांकन और निवारक स्वास्थ्य सेवा की एक अधिक व्यवस्थित प्रणाली के रूप में विकसित हो रही है। जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों, मोटापे, तनाव और स्वस्थ वृद्धावस्था पर बढ़ते ध्यान के बीच पोषण, प्राकृतिक उपचार पद्धतियों और जीवनशैली में सुधार पर आधारित प्राकृतिक चिकित्सा का महत्व फिर से बढ़ रहा है।
9वां राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस 18 नवंबर 2026 को कर्नाटक के नागमंगला स्थित केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान संस्थान में मनाया जाएगा। इस वर्ष की थीम ‘प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ भारत’ रखी गई है। इस दिवस को मनाने का उद्देश्य प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वास्थ्य संवर्धन, रोगों की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने में इसकी भूमिका को प्रोत्साहित करना है। इस वर्ष की थीम उचित खान-पान, शारीरिक कार्यकलापों, योग, तनाव प्रबंधन और साक्ष्य-आधारित प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से निवारक एवं स्वास्थ्य संवर्धक देखभाल पर विशेष बल देती है। इसके साथ ही, मोटापे की रोकथाम और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का भी प्रयास किया जाएगा, ताकि व्यक्ति और समुदाय अधिक स्वस्थ एवं टिकाऊ जीवनशैली अपना सकें। यह आयोजन प्रधानमंत्री के फिट एवं स्वस्थ भारत के विजन के अनुरूप है। इसमें निवारक स्वास्थ्य सेवा, स्वस्थ जीवनशैली और जनकल्याण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी को विशेष महत्व दिया गया है।
केंद्रीय आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री श्री प्रतापराव जाधव ने इस अवसर पर कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा हमें जीवनशैली, प्रकृति और समग्र स्वास्थ्य के बीच गहरे संबंध को समझने के लिए प्रेरित करती है। हमारा जोर विश्वसनीय अनुसंधान, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के साथ जिम्मेदार एकीकरण के माध्यम से इसकी वैज्ञानिक आधारशिला को मजबूत करने पर है। यह दृष्टिकोण निवारक स्वास्थ्य सेवा को बढ़ावा देने के साथ-साथ फिट एवं स्वस्थ भारत के विजन को आगे बढ़ाने में योगदान दे सकता है।
आयुष सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा की विश्वसनीयता और इसके व्यापक उपयोग को सुदृढ करने के लिए वैज्ञानिक सत्यापन अत्यंत आवश्यक है। केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान परिषद और अन्य संस्थानों के माध्यम से हम व्यवस्थित अनुसंधान, नैदानिक मूल्यांकन तथा सहयोग को प्रोत्साहित कर रहे हैं, ताकि प्राकृतिक चिकित्सा पद्धतियों का उचित वैज्ञानिक तरीकों से मूल्यांकन किया जा सके और उन्हें जिम्मेदार स्वास्थ्य सेवा पद्धतियों के रूप में विकसित किया जा सके।
केंद्रीय योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान समपदस्थ- समीक्षित शोध पत्रिकाओं में विभिन्न शोध पत्र प्रकाशित किए। वहीं, आयुष मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली पांच अनुसंधान परिषदों ने सामूहिक रूप से 653 शोध पत्र प्रकाशित किए। परिषद की देशभर में 22 इकाइयां भी संचालित हैं, जो अनुसंधान, शिक्षा और लोक-संपर्क के क्षेत्र में इसकी संस्थागत उपस्थिति को दर्शाते हैं।
भारत में प्राकृतिक चिकित्सा से संबंधित संस्थागत बुनियादी ढांचे का भी विस्तार हुआ है। इसके अंतर्गत योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा की शिक्षा और अनुसंधान के लिए समर्पित स्नातकोत्तर संस्थानों के साथ-साथ हरियाणा के झज्जर और कर्नाटक के नागमंगला में 200 बिस्तरों वाले योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा अस्पताल स्थापित किए गए हैं। पुणे स्थित राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान के निसर्ग ग्राम में स्थापित बैचलर ऑफ नेचुरोपैथी एंड योगिक साइंसेज कॉलेज, केंद्र सरकार के अंतर्गत स्थापित इस प्रकार का पहला महाविद्यालय है। यह संस्थान शैक्षणिक एवं नैदानिक प्रशिक्षण, अनुसंधान-आधारित शिक्षा और प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग के व्यावहारिक अनुभव के माध्यम से इस इकोसिस्टम को और सुदृढ बना रहा है। यहां विद्यार्थियों को स्वास्थ्य सेवा, अनुसंधान, शिक्षण और निजी चिकित्सा पद्धति जैसे क्षेत्रों में करियर बनाने के लिए तैयार किया जाता है।
पुणे स्थित राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा संस्थान ने एक समर्पित अनुसंधान विभाग और स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग में पंजीकृत संस्थागत नैतिकता समिति के माध्यम से अपने अनुसंधान ढांचे को और मजबूत किया है। संस्थान की प्रमुख पहलों में अनुसंधान पद्धति संबंधी कार्यशालाएं, गुड क्लिनिकल प्रैक्टिस प्रशिक्षण, अवलोकनात्मक अध्ययन, व्यवस्थित समीक्षा और सहयोगात्मक अनुसंधान शामिल हैं।
प्राकृतिक चिकित्सा में अनुसंधान पर जोर विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह स्वस्थ खान-पान की आदतों, शारीरिक गतिविधियों, पर्याप्त आराम और तनाव प्रबंधन को प्रोत्साहित करती है। जीवनशैली से जुड़ी ये आदतें विभिन्न आयु वर्गों में निवारक स्वास्थ्य सेवा में सहयता कर सकती हैं और जीवनशैली संबंधी जोखिम कारकों के प्रति जागरूकता बढ़ाने में योगदान कर सकती हैं।
राष्ट्रीय प्राकृतिक चिकित्सा दिवस के अवसर पर प्राकृतिक चिकित्सा की वैज्ञानिक आधारशिला को सुदृढ करने, संस्थागत क्षमता का विस्तार करने और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। निरंतर अनुसंधान, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और जनभागीदारी के माध्यम से भारत का लक्ष्य विश्वसनीय एवं सुलभ प्राकृतिक चिकित्सा व्यवस्था को और विकसित करना है, जो व्यापक निवारक स्वास्थ्य सेवा प्रयासों को सहयोग प्रदान करे और ‘प्राकृतिक चिकित्सा, स्वस्थ भारत’ के विजन को साकार करने में योगदान दे।
***
पीके/केसी/आरटी/एसकेजे/वाईबी
