केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 'विश्व रोगाणुरोधी प्रतिरोध जागरूकता सप्ताह 2026' मनाया, AMR के खिलाफ सामूहिक कार्रवाई का आह्वान किया
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने आज नई दिल्ली के कर्तव्य भवन में 'विश्व रोगाणुरोधी प्रतिरोध (एएमआर) जागरूकता सप्ताह 2026' के राष्ट्रीय आयोजन का शुभारंभ किया। सप्ताह भर चलने वाला यह आयोजन जनस्वास्थ्य के सामने मौजूद सबसे गंभीर खतरों में से एक रोगाणुरोधी प्रतिरोध के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और सामूहिक कार्रवाई को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधि
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने आज नई दिल्ली के कर्तव्य भवन में 'विश्व रोगाणुरोधी प्रतिरोध (एएमआर) जागरूकता सप्ताह 2026' के राष्ट्रीय आयोजन का शुभारंभ किया। सप्ताह भर चलने वाला यह आयोजन जनस्वास्थ्य के सामने मौजूद सबसे गंभीर खतरों में से एक रोगाणुरोधी प्रतिरोध के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और सामूहिक कार्रवाई को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव श्रीमती पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने रोगाणुरोधी प्रतिरोध के बढ़ते खतरे की ओर ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने इसे वर्तमान समय की सबसे गंभीर जनस्वास्थ्य चुनौतियों में से एक बताया। उन्होंने कहा कि जिन दवाओं ने अनगिनत लोगों की जान बचाई है, उनका अनुचित और जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल होने के कारण प्रभाव धीरे-धीरे कम हो रहा है। उन्होंने आगाह किया कि यदि इस पर नियंत्रण नहीं किया गया तो एएमआर चिकित्सा के क्षेत्र में दशकों की प्रगति को कमजोर कर सकता है। इससे सामान्य संक्रमणों का इलाज भी मुश्किल हो सकता है और मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।
इस वर्ष की थीम ‘वन हेल्थ, वन एक्शन: प्रिवेंट एएमआर नाउ’ (एक स्वास्थ्य, एक कार्रवाई: एएमआर को अभी रोकें) का उल्लेख करते हुए श्रीमती श्रीवास्तव ने विभिन्न क्षेत्रों के बीच समन्वित कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण का उल्लेख करते हुए उन्होंने वन हेल्थ दृष्टिकोण अपनाने के महत्व को रेखांकित किया। यह दृष्टिकोण मानव स्वास्थ्य, पशु स्वास्थ्य, पौधों एवं खाद्य प्रणालियों और पर्यावरण के बीच आपसी संबंधों को स्वीकार करता है। उन्होंने कहा कि इन सभी क्षेत्रों में रोगाणुरोधी दवाओं का अनुचित इस्तेमाल प्रतिरोध पैदा होने और फैलने में योगदान देता है। इसलिए इस बढ़ते खतरे से निपटने के लिए समन्वित कार्रवाई जरूरी है।
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि भारत सरकार ने रोगाणुरोधी प्रतिरोध पर नियंत्रण को उच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जे.पी. नड्डा द्वारा नवंबर 2025 में विश्व एएमआर जागरूकता सप्ताह के दौरान शुरू की गई राष्ट्रीय रोगाणुरोधी प्रतिरोध कार्ययोजना 2.0 (एनएपी एएमआर 2.0), 2025-2029 निगरानी, संक्रमण की रोकथाम, रोगाणुरोधी दवाओं के जिम्मेदार इस्तेमाल, अनुसंधान और विभिन्न क्षेत्रों में समन्वित कार्रवाई के लिए एक व्यापक रूपरेखा प्रदान करती है।
उन्होंने राष्ट्रीय रोगाणुरोधी प्रतिरोध नियंत्रण कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर भी प्रकाश डाला। राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र (एनसीडीसी) के समन्वय से संचालित यह कार्यक्रम रोगाणुरोधी प्रतिरोध की निगरानी के लिए प्रयोगशालाओं की क्षमता मजबूत करने, संक्रमण की रोकथाम एवं नियंत्रण, रोगाणुरोधी दवाओं के विवेकपूर्ण इस्तेमाल और जागरूकता बढ़ाने पर केंद्रित है।
स्वास्थ्य पेशेवरों की भूमिका को रेखांकित करते हुए श्रीमती श्रीवास्तव ने कहा कि एंटीबायोटिक्स केवल चिकित्सकीय रूप से आवश्यक होने पर और उचित उपचार दिशा-निर्देशों के अनुसार ही लिखी जानी चाहिए। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि फार्मासिस्ट की जिम्मेदारी है कि वे वैध चिकित्सकीय पर्चे पर ही उचित रोगाणुरोधी दवाएं दें और मरीजों को उनके सही इस्तेमाल के बारे में जानकारी दें।
आम जनता से जिम्मेदार व्यवहार अपनाने का आग्रह करते हुए उन्होंने बिना डॉक्टर की सलाह के दवाएं लेने, एंटीबायोटिक्स साझा करने या बची हुई दवाओं का इस्तेमाल करने से बचने की सलाह दी। उन्होंने नागरिकों को याद दिलाया कि एंटीबायोटिक्स सामान्य सर्दी-जुकाम और इन्फ्लुएंजा जैसे वायरल संक्रमणों पर प्रभावी नहीं होती हैं। उन्होंने संक्रमण से बचाव के लिए स्वच्छता और साफ-सफाई, सुरक्षित पानी, सुरक्षित भोजन और टीकाकरण के महत्व पर भी जोर दिया। इससे संक्रमण का खतरा कम होगा और एंटीबायोटिक्स के इस्तेमाल की जरूरत भी घटेगी।
श्रीमती श्रीवास्तव ने अपने संबोधन के समापन पर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों, स्वास्थ्य संस्थानों, शैक्षणिक संस्थानों और सामुदायिक संगठनों से एएमआर जागरूकता का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि रोगाणुरोधी प्रतिरोध से निपटने की प्रतिबद्धता केवल जागरूकता सप्ताह तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसकी सफलता रोजमर्रा के जीवन में रोगाणुरोधी दवाओं के पर्चे लिखने, वितरण और इस्तेमाल से जुड़ी जिम्मेदार प्रथाओं तथा संक्रमण की प्रभावी रोकथाम में दिखाई देनी चाहिए। सामूहिक कार्रवाई का आह्वान करते हुए उन्होंने सभी हितधारकों से आवश्यक रोगाणुरोधी दवाओं के प्रभाव को बनाए रखने और वर्तमान तथा आने वाली पीढ़ियों के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए मिलकर काम करने का आग्रह किया।
बैठक में विभिन्न हितधारक संगठनों के प्रतिनिधियों ने इस तथ्य पर ध्यान दिया कि भारत में रोगाणुरोधी दवाओं की आधे से अधिक बिक्री बिना चिकित्सकीय पर्चे के होती है, जबकि बाह्य रोगी विभागों में एंटीबायोटिक्स के लगभग आधे पर्चे अनुचित होते हैं। उन्होंने इन प्रथाओं पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता जताई और देशभर में व्यापक स्तर पर लागू किए जा सकने वाले कई उपायों की पहचान की।
इन उपायों में जनजागरूकता अभियान चलाना, बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक्स लिखने और लेने पर रोक लगाना, एंटीबायोटिक्स और समय सीमा समाप्त हो चुकी दवाओं का उचित निपटान करना, दवा दुकानों पर बिना पर्चे के रोगाणुरोधी दवाओं की बिक्री के खिलाफ कानूनी चेतावनी प्रदर्शित करना, घटिया गुणवत्ता वाली और नकली दवाओं के उत्पादन पर रोक लगाना, पशु चिकित्सा में विशेष रूप से खाद्य उत्पादन करने वाले पशुओं के लिए एंटीबायोटिक्स के उचित इस्तेमाल को बढ़ावा देना और संक्रमण की रोकथाम तथा प्रसार पर नियंत्रण के लिए स्वास्थ्य देखभाल संस्थानों में गुणवत्ता मानकों को बनाए रखना शामिल है।
इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र (NHSRC), केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO), पशुपालन विभाग, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और ऑल इंडिया एसोसिएशन ऑफ ड्रगिस्ट्स एंड केमिस्ट्स के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वरिष्ठ अधिकारी भी वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।
विश्व रोगाणुरोधी प्रतिरोध जागरूकता सप्ताह के बारे में
विश्व एएमआर जागरूकता सप्ताह हर साल 18 से 24 नवंबर तक मनाया जाने वाला एक वैश्विक अभियान है। इसका उद्देश्य रोगाणुरोधी प्रतिरोध (एएमआर) के बारे में जागरूकता और समझ बढ़ाना तथा आम जनता, वन हेल्थ से जुड़े हितधारकों और नीति निर्माताओं के बीच बेहतर प्रथाओं को प्रोत्साहित करना है। ये सभी हितधारक एएमआर के उभरने और आगे फैलने की प्रक्रिया को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
***
पीके / केसी / आरटी/ केजे/ डीए
