ऊर्जा दक्षता ब्यूरो ने ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह 2026 के दौरान वेबिनार का आयोजन किया और विभिन्न जागरूकता गतिविधियां संचालित कीं
विद्युत मंत्रालय के अंतर्गत ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (बीईई) ने 1 से 7 नवंबर, 2026 तक आयोजित ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह (बीएसएलडब्ल्यू) के अवसर पर 2 नवंबर, 2026 को ‘ऊर्जा संरक्षण’ विषय पर एक वेबिनार का आयोजन किया। इस वेबिनार का उद्देश्य सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने, ऊर्जा खपत में कमी लाने, ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने और सतत विकास के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने में ऊर्जा दक्षता की महत्वपूर्ण
विद्युत मंत्रालय के अंतर्गत ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (बीईई) ने 1 से 7 नवंबर, 2026 तक आयोजित ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह (बीएसएलडब्ल्यू) के अवसर पर 2 नवंबर, 2026 को ‘ऊर्जा संरक्षण’ विषय पर एक वेबिनार का आयोजन किया। इस वेबिनार का उद्देश्य सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने, ऊर्जा खपत में कमी लाने, ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने और सतत विकास के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने में ऊर्जा दक्षता की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करना था।
वेबिनार का शुभारंभ ऊर्जा दक्षता ब्यूरो के महानिदेशक श्री कृष्ण चंद्र पाणिग्रही के उद्घाटन संबोधन से हुआ। उन्होंने सतत विकास को बढ़ावा देने में ऊर्जा दक्षता की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला और विभिन्न क्षेत्रों में ऊर्जा-कुशल तौर-तरीकों को प्रोत्साहित करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
तकनीकी सत्रों में टीईआरआई, एईईई, आईआईटी, सीएलएएसपी और एसईफॉरऑल सहित प्रतिष्ठित संस्थानों एवं संगठनों के प्रख्यात विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए। इन सत्रों में ऊर्जा दक्षता से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। विचार-विमर्श के दौरान ऊर्जा दक्षता के क्षेत्र में भारत की प्रगति एवं पहलों, उद्योगों में ऊर्जा दक्षता बढ़ाने के उपायों तथा ऊर्जा खपत कम करने में तकनीकी हस्तक्षेपों की भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई। सत्रों में घरेलू उपकरणों के लिए भारत के मानक एवं लेबलिंग कार्यक्रम का भी परिचय दिया गया और ऊर्जा-कुशल उत्पादों को बढ़ावा देने तथा उपभोक्ताओं को सोच-समझकर विकल्प चुनने में सक्षम बनाने में इसके योगदान को रेखांकित किया गया।
इसके अतिरिक्त चर्चाओं में बाजार के रुझानों और बिजली की खपत पर व्यवहारगत बदलावों के प्रभाव पर ध्यान केंद्रित किया गया। इसमें सतत उपभोग की आदतों और ऊर्जा के जिम्मेदार उपयोग के महत्व पर बल दिया गया। मांग पक्ष प्रबंधन (डीएसम) के माध्यम से ऊर्जा दक्षता को ग्रिड के एक लचीले संसाधन के रूप में विकसित करने की भूमिका पर भी विचार-विमर्श किया गया। विशेष रूप से बिजली की खपत को अनुकूल बनाने, ग्रिड की लचीलापन क्षमता बढ़ाने और विद्युत प्रणाली में नवीकरणीय ऊर्जा के एकीकरण को समर्थन देने के संदर्भ में इस विषय पर चर्चा हुई।
वेबिनार में विद्युत मंत्रालय, केंद्रीय सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (सीपीएसयू), निर्माता संघों, उद्योग जगत, विषय विशेषज्ञों और अन्य संबंधित हितधारकों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। विभिन्न क्षेत्रों के हितधारकों की भागीदारी से ऊर्जा दक्षता के विभिन्न पहलुओं और सतत तौर-तरीकों को अपनाने से संबंधित ज्ञान, अनुभवों एवं विचारों के आदान-प्रदान को बढ़ावा मिला।
ब्रिक्स सतत जीवनशैली सप्ताह के आयोजन के तहत ऊर्जा दक्षता ब्यूरो ने ऊर्जा संरक्षण और बिजली के जिम्मेदार उपयोग को प्रोत्साहित करने के लिए कई जागरूकता पहल भी कीं। इनमें 2 नवंबर, 2026 को राष्ट्रीय राजधानी स्थित बीईई कार्यालय में महानिदेशक श्री कृष्ण चंद्र पाणिग्रही के साथ ब्यूरो के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा ऊर्जा संरक्षण की शपथ लेना शामिल था। इसके अलावा, कर्मचारियों को ऊर्जा-कुशल तौर-तरीके अपनाने के महत्व के प्रति जागरूक करने के लिए बीईई कार्यालय में ऊर्जा संरक्षण संबंधी संदेशों वाले बैनर और स्टैंडी भी लगाए।
इसके अतिरिक्त 2 नवंबर, 2026 को सुबह 10 बजे से 11 बजे तक ‘स्विच-ऑफ ऑवर’ मनाया गया। इस दौरान कर्मचारियों को उपयोग में नहीं होने पर बिजली और अन्य गैर-जरूरी विद्युत उपकरण बंद रखने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
बीईई ने इसके साथ ही #BRICSforLiFE हैशटैग के तहत ‘ऊर्जा बचाएं’ विषय पर सात दिवसीय सोशल मीडिया अभियान भी चलाया। इसका उद्देश्य ऊर्जा-कुशल तौर-तरीकों से संबंधित संदेशों का प्रसार करना और नागरिकों को सतत जीवनशैली के विकल्प अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस अभियान में ऊर्जा संरक्षण और सतत उपभोग को बढ़ावा देने में व्यक्तिगत प्रयासों तथा सामूहिक भागीदारी के महत्व को रेखांकित किया गया।
इन पहलों के माध्यम से ऊर्जा दक्षता ब्यूरो ने ऊर्जा के प्रति जागरूक व्यवहार, सतत उपभोग और भारत की सतत जीवनशैली संबंधी पहलों के अभिन्न अंग के रूप में ऊर्जा दक्षता को मुख्यधारा में लाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। ये प्रयास अधिक ऊर्जा-कुशल और सतत भविष्य के निर्माण में योगदान देंगे।
ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (बीईई) के बारे में
भारत सरकार ने ऊर्जा संरक्षण अधिनियम, 2001 के प्रावधानों के तहत 1 मार्च, 2002 को ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (बीईई) की स्थापना की थी। ब्यूरो का उद्देश्य स्व-नियमन और बाजार सिद्धांतों पर विशेष जोर देते हुए नीतियों एवं रणनीतियों के विकास में सहायता प्रदान करना है।
ब्यूरो का एक प्रमुख उद्देश्य भारतीय अर्थव्यवस्था की ऊर्जा तीव्रता को कम करना है। बीईई नामित उपभोक्ताओं, नामित एजेंसियों और अन्य संगठनों के साथ समन्वय करता है। अधिनियम के तहत उसे सौंपे गए कार्यों के निष्पादन के लिए यह मौजूदा संसाधनों एवं अवसंरचना की पहचान करता है तथा उनका उपयोग सुनिश्चित करता है। इस अधिनियम में विनियामक और प्रोत्साहन संबंधी कार्यों का भी प्रावधान किया गया है।
***
पीके/केसी/आरटी/पीसी/एसके
